सीकर जिले में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। तीन महिलाओं की गैंग ने एक बुजुर्ग का पीछा कर उनके बैग से लाखों रुपए के जेवरात पार कर दिए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सीकर ग्रामीण निवासी बृजमोहन जाट जेवरात पर धागा बंधवाने के लिए शहर आए थे। धागे बंधवाने के बाद उन्होंने जेवरात बैग में रखे और खरीदारी करने निकल पड़े। थोड़ी देर बाद जब उन्होंने बैग चेक किया तो सारे जेवरात गायब मिले।
बृजमोहन ने आसपास की दुकानों पर जाकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसमें एक चाय की दुकान के कैमरे में दो महिलाएं उनके बैग से जेवरात चोरी करती हुई साफ नजर आईं। फुटेज में दिखा कि वारदात के बाद महिलाएं सीधा बस डिपो पहुंचीं और जयपुर जाने वाली बस में सवार होकर फरार हो गईं।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिलाओं ने बुजुर्ग का पीछा जेवरात की दुकान से ही शुरू कर दिया था और मौका मिलते ही बैग से कीमती सामान निकाल लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि सीकर में महिलाओं द्वारा चोरी और चेन स्नैचिंग की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। खाटूश्यामजी कस्बे में कई बार महिला श्रद्धालुओं की चेन तोड़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।