Shamli News: अंकित बालियान की हत्या में शामिल रहे दो शूटरों सुमित और मोहित को पुलिस ने सोमवार तड़के एनकाउंटर में मार गिराया। अन्य दो शूटर सत्यम और आर्यन की तलाश की जा रही है। सूचना मिलने पर मुठभेड़ स्थल पर अंकित बालियान के पिता सतबीर फौजी भी पहुंच गए।

मुठभेड़ में दो शूटरों के मारे जाने की सूचना के बाद अंकित के पिता सतबीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मुठभेड़ और मारे गए बदमाशों के बारे में जानकारी ली। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों और शूटरों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और अंकित के परिवार के साथ है।
अंकित के पिता सतबीर सिंह फौजी ने कहा कि उन्हें योगी सरकार और पुलिस पर पूरा विश्वास है। मुठभेड़ में दो शूटरों के मारे जाने से उन्हें उम्मीद जगी है, लेकिन अभी आधा ही इंसाफ मिला है। हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों का एनकाउंटर होने के बाद ही उन्हें पूरा न्याय मिलेगा।
20 अगस्त की रात होटल पहुंचे थे शूटर
एसपी ने बताया कि हत्याकांड को अंजाम देने से पहले शूटरों ने कई दिनों तक अंकित की रेकी की थी। इसके लिए 20 अगस्त की रात शूटर शामली शहर के एक होटल में पहुंचे थे। वहां ठहरने के दौरान भी उनके संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी थी। पुलिस अब होटल में उनके ठहरने, आने-जाने और संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए शूटर मोहित के खिलाफ 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सुमित के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में भी पुलिस जानकारी हासिल कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि सोनीपत निवासी भोलू उर्फ राहुल शाहपुरिया ने ही हत्याकांड की साजिश रची थी। वह गोगी गैंग के सरगना जितेंद्र गोगी की हत्या के बाद से ही अंकित से रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, अंकित को टिल्लू गैंग का सदस्य मानकर उसके खिलाफ साजिश रची गई।