सार
Ayaan Lall Refutes Sikandar AR Murugadoss: फिल्म ‘सिकंदर’ में सलमान के साथ काम करने वाले निर्देशक ए आर मुरुगदास ने दावा किया था कि सलमान के साथ उन्हें काम करने में काफी दिक्कत हुई। अब इस पर फिल्म के एक्टर अयान लाल का बयान आया है।

विस्तार
सिकंदर’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अयान लाल ने हाल ही में सिद्धार्थ कनन के साथ इंटरव्यू में बताया कि उन्होंने सलमान खान को कभी घंटों इंतजार करवाते नहीं देखा। अयान ने कहा- ‘मुझे दोपहर 3 बजे बुलाया गया था और शाम 5:30 बजे तक सलमान सर सेट पर मौजूद थे। वो देश के सबसे बड़े स्टार हैं, उनके पास और भी कई जिम्मेदारियां होती हैं। हाल ही में पंजाब में आई बाढ़ जैसी स्थितियों में भी वो मदद के लिए आगे आते हैं। ऐसे में अगर किसी को उनके लिए थोड़ा इंतजार करना भी पड़े तो इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।’ अयान का मानना है कि सलमान खान सिर्फ एक अभिनेता ही नहीं, बल्कि समाज के लिए एक ‘आइकॉन’ हैं, जिन पर लाखों लोग भरोसा करते हैं।
निर्देशक मुरगदॉस ने दावा किया था कि कई बार उन्हें सलमान खान के आने का इंतजार 8 घंटे तक करना पड़ा। इस पर अयान ने पलटवार करते हुए कहा कि सलमान अक्सर समय पर सूचना दे देते हैं।
उन्होंने कहा- ‘अगर कोई बता रहा है कि वो 12 बजे पहुंचेगा, तो सुबह से इंतजार करने की जरूरत ही क्या है? मैंने खुद देखा है कि सर कॉल करके बताते हैं कि कब तक आ पाएंगे। उनका काम सिर्फ फिल्म तक सीमित नहीं है, बल्कि रोजाना करोड़ों लोगों से उनका जुड़ाव है। ऐसे में यह सोचना गलत है कि वह गैर-पेशेवर रवैया अपनाते हैं।’
बिग बॉस 19 पर फिर हुई मुलाकात
दिलचस्प बात यह है कि अयान की सलमान खान से हाल ही में ‘बिग बॉस 19’ के मंच पर फिर मुलाकात हुई। इस मौके पर अयान अपनी मां, अभिनेत्री कुनिका सदानंद को सपोर्ट करने पहुंचे थे, जो इस सीजन में प्रतियोगी हैं।