अयोध्या पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र से लापता हुई 15 वर्षीय छात्रा को जिस्मफरोशी के चंगुल से मुक्त कराते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं मुठभेड़ में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी।

पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की रात छात्रा अचानक स्कूल हॉस्टल से गायब हो गई थी। सीसीटीवी फुटेज में वह खड़ौआ के पास देखी गई, जिसके बाद ट्रक चालक पंकज उसे अपने वाहन में बैठाकर ले गया। इसके बाद छात्रा आरोपी सीमा और उसके पति राम सहाय तक पहुंची, जो अयोध्या आरटीओ कार्यालय के पास किराए के मकान में देह व्यापार का धंधा चला रहे थे।
जांच में पता चला कि गिरोह का सदस्य ट्रक चालक राहुल छात्रा को पश्चिम बंगाल ले जाने की फिराक में था। लेकिन सोमवार को पुलिस ने हाईवे पर तिलकपुर के पास घेराबंदी कर ट्रक रोककर राहुल को दबोच लिया और छात्रा को सुरक्षित छुड़ा लिया।
राहुल की निशानदेही पर सीमा, उसके पति राम सहाय और सुभाष निवासी वेदीपुर को फुटहिया से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पंकज और सुनील नामक दो अन्य ट्रक चालकों के शामिल होने की जानकारी मिली। पुलिस ने कुरहा पट्टी के पास हुई मुठभेड़ में दोनों को पकड़ लिया। मुठभेड़ में उनके पैर में गोली लगी, जबकि एक गोली एसओ नगर विश्वमोहन राय की कलाई को छीलती हुई निकल गई।
आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, बिना नंबर की बाइक और नगदी बरामद हुई है। पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है।