राजधानी लखनऊ में सोमवार को राज्य कर विभाग के मुख्यालय में सनसनीखेज वारदात हुई। विभूतिखंड स्थित कार्यालय में घुसकर एक महिला और उसके भतीजे ने डिप्टी कमिश्नर प्रमोद कुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान रानी निगम और उसके भतीजे की पहचान इंद्रजीत निगम (निवासी – बर्रा, कानपुर) के रूप में हुई है। दोनों ने डिप्टी कमिश्नर के कक्ष संख्या 308 में दाखिल होकर स्टील के पल्टे से वार किया, जिससे प्रमोद कुमार के बाएं हाथ पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा।
चीख-पुकार सुनकर कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर डिप्टी कमिश्नर को हमलावरों से बचाया। बाद में दोनों आरोपियों को कमरे से बाहर कर दिया गया। घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत पहुंचकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों से पूछताछ जारी है कि वे किस मकसद से लखनऊ आए थे और हमला क्यों किया। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस घटना को कई कर्मचारियों ने देखा है और पुलिस को साक्ष्य भी उपलब्ध कराए जाएंगे।