बठिंडा के बाबा दीप सिंह नगर में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक किराना दुकानदार को लुटेरों ने निशाना बना लिया। जानकारी के अनुसार नरेश कुमार अपनी दुकान खोलकर काम कर रहा था, तभी तीन युवक दुकान में घुस आए। इनमें से एक ने नरेश की कनपटी पर पिस्तौल तान दी और गल्ले में रखे सारे पैसे लूट लिए।
![]()
लुटेरों के बाहर निकलते ही आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया। मौके पर पहुँची पुलिस को आरोपी सौंप दिया गया। जबकि उसके दो साथी हथियार समेत मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने पकड़े गए युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और बाकी दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही फरार लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।