संभल जिले के बहजोई कस्बे में शनिवार रात पत्नी सपना (29) पर चाकू से हमला करने के बाद पति करन मौर्य ने साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी। चाकू से गला कटने से घायल सपना बहजोई से इस्लामपुर क्षेत्र के गांव छीतरपुर महरोला में अपने मायके आते वक्त पुलिस चौकी के पास बेहोश होकर गिर गई। उसे सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

संभल जिले के बहजोई कस्बे में शनिवार रात पत्नी का गला रेतने के बाद फंदा लगाकर जाने देने वाले युवक की दूसरी प्रेम कहानी चार महीने भी नहीं चली। पत्नी के किसी अन्य युवक से बात करने के शक से उपजे विवाद में उसने जान दे दी। उसकी पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
संभल के बहजोई कस्बे के मोहल्ला गंगा बिहार कॉलोनी मुराव टोला में करन अपनी पत्नी के साथ रह रहा था। दोनों एक-दूसरे से बेइंतहा प्यार करते थे, लेकिन उनके रिश्ते में तब दरार आ गई जब पत्नी किसी अन्य से बात करने लगी। सपना बदायूं के इस्लामनगर के गांव छीतरपुर की रहने वाली है। उसने करीब 11 साल पहले एक अन्य युवक से भी प्रेम विवाह किया था। उसके साथ बहजोई के मौर्य मोहल्ले में रहते हुए सपना की मुलाकात करन से हो गई। करीब चार माह पहले सपना ने पहले पति को छोड़कर करन से प्रेम विवाह कर लिया। तब से दोनों बहजोई के मौर्य मोहल्ले में ही रह रहे थे।