कौड़िहार में पूर्व जिला पंचायत सदस्य रणधीर यादव की रहस्यमयी गुमशुदगी ने सनसनी फैला दी है। 48 घंटे गुजरने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। परिवार का आरोप है कि यह मामला अपहरण से जुड़ा हो सकता है, जबकि पुलिस कुछ नजदीकी लोगों से पूछताछ कर रही है।![]()
👉 गायब होने की घटना
मोहम्मदपुर हथिगंहा निवासी रणधीर यादव, जो पहले कौड़िहार के जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं, शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्कॉर्पियो ढाबे से खाना लेने गए थे। उनके साथ रामसिंह (निवासी पुरे नक्कू, थाना नवाबगंज) भी मौजूद था। इसके बाद दोनों अचानक लापता हो गए।
👉 फोन हुआ बंद
भांजे दीपेश यादव ने रणधीर को फोन किया लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद परिवार की बेचैनी और बढ़ गई।
👉 पत्नी का आरोप
वर्तमान में कौड़िहार की जिला पंचायत सदस्य बबली यादव (रणधीर की पत्नी) ने पुलिस को दी तहरीर में पति की गुमशुदगी दर्ज कराई है। उन्होंने आशंका जताई है कि राजनीतिक साजिश के तहत पति का अपहरण किया गया है। बबली ने साथ गए रामसिंह की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है।
👉 पुलिस जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर कुछ करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।