मोहाली के खरड़ सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान कार लूट के मामले में वांछित आरोपी भूपिंदर सिंह गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़कर अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, लुधियाना निवासी भूपिंदर सिंह ने हाल ही में अपने तीन साथियों के साथ आई-20 कार लूटी थी। खरड़ पुलिस ने तीनों साथियों को पहले ही मलेरकोटला से गिरफ्तार कर लिया था। इनके कब्जे से लूटी गई कार और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की गई थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि 17 अगस्त को लांडरा-सरहिंद रोड पर स्थित सीजीसी झंझेड़ी कॉलेज के दो कर्मचारियों तारा सिंह और तुषार शर्मा से हथियारों के बल पर आई-20 कार छीनी गई थी। इस वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की थीं।
सोमवार को खरड़ इलाके में पुलिस ने चौथे आरोपी भूपिंदर सिंह को घेर लिया। वह बाइक पर था और पुलिस को देखते ही फायरिंग करने लगा। जवाबी कार्रवाई में क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें भूपिंदर की टांग पर गोली लगी। उसे तुरंत काबू में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस को आरोपी के पास से पिस्टल, बाइक और नशीला पदार्थ भी मिला है। अधिकारियों के अनुसार चारों आरोपियों पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।