इस ट्रेन से वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों को दिल्ली के लिए रात में सफर का विकल्प मिलेगा। रात में यात्रा कर यात्री सुबह जल्दी दिल्ली पहुंच सकेंगे और दिनभर अपने काम निपटा सकेंगे।

नई दिल्ली से वाराणसी के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को रेलवे बोर्ड से मंजूरी मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक, ट्रेन का उद्घाटन 12 अक्टूबर को हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना कर सकते हैं। हालांकि, रेलवे ने अभी ट्रेन के नियमित संचालन के दिन, किराए और बुकिंग की तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रेलवे की घोषणा के बाद आईआरसीटीसी पर टिकट बुकिंग शुरू होगी।
पहले प्रस्तावित टाइम टेबल में ट्रेन वाराणसी से रात 9:20 बजे चलकर सुबह 5 बजे नई दिल्ली पहुंचने वाली थी। अब मंजूर नए टाइमिंग के मुताबिक ट्रेन 40 मिनट पहले रात 8:40 बजे वाराणसी से रवाना होगी। रात 10.5 बजे प्रयागराज होते हुए रात 11:50 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद सुबह करीब 4:50 बजे नई दिल्ली पहुंचने का प्रस्ताव है। इस तरह वाराणसी से नई दिल्ली का सफर करीब 8 घंटे 10 मिनट में पूरा होगा।
जबकि वापसी यह ट्रेन नई दिल्ली से रात 11:25 बजे रवाना होगी। तड़के करीब 3:30 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। इसके बाद प्रयागराज 5.38 बजे होते हुए सुबह करीब 7:35 बजे वाराणसी पहुंचने की संभावना है। ट्रेन की शुरुआत में अधिकतम रफ्तार 130 किलोमीटर प्रति घंटे रखे जाने की संभावना है। ट्रैक और सिग्नलिंग व्यवस्था में सुधार के बाद इसकी रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटे तक बढ़ाने का लक्ष्य है। इस वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस में कुल 16 एसी कोच होंगे। इनमें एक फर्स्ट एसी, चार सेकंड एसी और 11 थर्ड एसी कोच शामिल होंगे। ट्रेन में करीब 823 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। यात्रियों को चौड़ी बर्थ, व्यक्तिगत रीडिंग लाइट और मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
इस ट्रेन से वाराणसी, प्रयागराज और कानपुर के यात्रियों को दिल्ली के लिए रात में सफर का विकल्प मिलेगा। रात में यात्रा कर यात्री सुबह जल्दी दिल्ली पहुंच सकेंगे और दिनभर अपने काम निपटा सकेंगे। वहीं, दिल्ली से रात 11:25 बजे चलने वाली ट्रेन से देर तक काम करने वाले यात्री रात में ही वाराणसी लौट सकेंगे।