आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। गेट पर कालिख पोतकर आपत्तिजनक शब्द लिखे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध जताया। वहीं, मामले में पुलिस ने दो कांग्रेसियों को गिरफ्तार किया है।

आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान उनके घर पर कालिख पोतकर आपत्तिजनक शब्द लिख दिए। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ।
एसआईआर में वैध मतदाताओं के नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने आगरा में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विजय नगर कालोनी स्थित मूल निवास पर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर और प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पहुंचे।
प्रदर्शन के मामले में दो कांग्रेसी गिरफ्तार
पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के घर पर प्रदर्शन के मामले में अनिल यादव, प्रदेश महासचिव (संगठन) आजमगढ़ एवं मुकेश धनगर, जिलाध्यक्ष, मथुरा को गिरफ्तार किया है। उनके साथियों की तलाश की जा रही है।
विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं दोनों कांग्रेसी नेता
मुख्य चुनाव आयुक्त के घर पर प्रदर्शन के मामले में थाना हरीपर्वत में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से प्रदर्शनकारियों की तलाश में जुटी थी। दिल्ली की ओर भागने का प्रयास कर रहे अनिल यादव एवं मुकेश धनगर को पुलिस टीम द्वारा पीछा कर उन्हें गाड़ी सहित गिरफ्तार किया। अनिल यादव विगत विधानसभा चुनाव में निजामाबाद आजमगढ़ से कांग्रेस के प्रत्याशी थे, वहीं मुकेश धनगर विगत लोकसभा चुनाव में मथुरा से कांग्रेस के प्रत्याशी थे। गिरफ्तार कांग्रेसी नेताओं से पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने बताया कि आगरा के बाद वे दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय जा रहे थे।