
भोपाल।राजधानी भोपाल में बड़े तालाब में बोट क्लब के पास एक महिला और पुरुष के शव मिलने से सनसनी फैल गई।
पुलिस के मुताबिक बड़े तालाब किनारे मॉर्निंग वॉक करने आए लोगों ने जब दोनों के शव पानी में तैरते हुए देखे तो पुलिस को खबर की।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद करने के के बाद पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था। महिला के पति की इसी साल जनवरी में सागर में हत्या कर दी गई थी। मृतक उसके पति का दोस्त था।
श्यामला हिल्स थाना पुलिस ने आगे बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे बोट क्लब स्थित पंप हाउस के पास तालाब में दो लोगों के शव की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शव पानी से बाहर निकलवाए। घटना स्थल के पास ही महिला का टू-व्हीलर भी बरामद हुआ।
मृतका की शिनाख्त 32 वर्षीय प्रिया साहू के रूप में हुई है, वहीं मृतक की पहचान दुर्गेश सोनी (32) के रूप में हुई। महिला की वर्ष 2010 में दशरथ साहू के साथ लव मैरिज हुई थी। दोनों का 12 साल का बेटा भी है। पति दशरथ की 6 महीने पहले सागर में हत्या हो गई थी। महिला का प्रेमी दुर्गेश उसके पति दशरथ का दोस्त था। दुर्गेश मूलतः सतना का रहने वाला था और सागर में ज्वेलरी दुकान में काम करता था।
मृतक के छोटे भाई अंकित ने पुलिस को बताया कि 07 जुलाई को दुर्गेश घर से ये कहकर निकला था कि उसे दशरथ के मर्डर केस में गवाह बनकर कोर्ट में पेशी के लिए जाना है। वहीं महिला बागसेवनिया के गायत्री विहार में रहती है। दुर्गेश का उसके घर आना-जाना रहता था। महिला का मायका भी पास के विश्वकर्मा नगर में है। उसके भाई मनमोहन ने बताया कि चार भाई-बहनों में प्रिया सबसे बड़ी थी। लव मैरिज के बाद हमारे परिवारवालों का उसके यहां आना जाना कम था। वो अपने बच्चे के साथ दूसरी कॉलोनी में रहती थी।
पुलिस ने बताया कि आज दोनों के पीएम नहीं हो सकेंगे। महिला के ससुराल पक्ष के लोग संभवत: आज रात तक भोपाल पहुंचेंगे। वहीं दुर्गेश के स्वजन भी सतना से निकल चुके हैं।



