ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी का हेलिकॉप्टर रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया और सोमवार को उनकी मौत की पुष्टि हो गई है. हेलिकॉप्टर क्रैश होने के पीछे खराब मौसम को कारण बताया जा रहा है लेकिन इसी बीच रईसी की मौत को लेकर कई कॉन्सपिरेसी थ्योरी भी सामने आ रही हैं. कुछ ईरानी इसे इजरायल की साजिश बता रहे हैं.

रविवार को हुए हेलिकॉप्टर क्रैश में ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मौत हो गई है. राष्ट्रपति के साथ हेलिकॉप्टर में ईरानी विदेश मंत्री हुसैन अमीर अमीर अब्दुल्लाहियन समेत 9 लोग सवार थे. सोमवार को ईरान की मीडिया ने अपने राष्ट्रपति और विदेश मंत्री की मौत की पुष्टि की है. सोमवार को एक ईरानी अधिकारी ने जानकारी दी कि राष्ट्रपति रईसी जिस हेलिकॉप्टर में सवार थे, वो पूरी तरह जला मिला है.
खराब मौसम के कारण बचावकर्मियों को हादसे की जगह पर जाने में घंटों की मशक्कत करनी पड़ी. आधिकारिक तौर पर जहां हादसे का संभावित कारण बारिश और कोहरे वाले खराब मौसम को बताया जा रहा है. वहीं, सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे ईरान के दुश्मन इजरायल की ‘साजिश’ करार दे रहे हैं. सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि हाल में हमास और इजरायल के तनाव में ईरान खुलकर हमास का समर्थन कर रहा था और पिछले दिनों ईरान और इजरायल दोनों की ओर से एक-दूसरे से टारगेट को हवाई हमलेमें निशाना बनाने का दावा किया गया था.



