Drishyam 3: अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर रही है। इस बीच इसके निर्देशक अभिषेक ने इसके चौथे पार्ट को लेकर बात की है। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कहा है।

बॉक्स ऑफिस पर ‘दृश्यम 3’ जबरदस्त कामयाबी हासिल कर रही है। इस बीच निर्देशक अभिषेक पाठक का मानना है कि यह फ्रेंचाइजी अपने सही अंजाम तक पहुंच चुकी है। फिल्ममेकर ने चौथे पार्ट की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि कहानी का अंत बहुत अच्छे ढंग से हुआ है।
दृश्यम 4′ पर क्या बोले अभिषेक?
स्क्रीन के साथ बातचीत में अभिषेक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि 2 अक्तूबर को ‘दृश्यम डे’ के तौर पर मनाया जाता रहेगा। उन्होंने आगे कहा, ‘हम सभी का मानना है कि यह फिल्म का आखिरी पार्ट है। जाहिर है, दर्शकों को यह पसंद आ रही है और वे इसकी चर्चा भी कर रहे हैं। लेकिन ‘दृश्यम’ ऐसी फ्रेंचाइजी नहीं है, जिसके लिए हम बस एक और फिल्म बनाने का फैसला कर लें। यह पूरी तरह से कहानी पर निर्भर करता है, और कहानी खत्म हो चुकी है। मुझे हमेशा से इसका अंत बहुत ही काव्यात्मक लगा है। यह फ्रेंचाइजी के लिए एक ‘लव लेटर’ की तरह है।’
फिल्म के अंत को लेकर क्या बोले अभिषेक?
अभिषेक ने आगे कहा, ‘इसका अंत बहुत खूबसूरती से किया गया है। लोगों को यही बात पसंद आई। बहुत से लोग मुझसे कह रहे हैं कि इसका चौथा पार्ट भी आ सकता है। अगर हम चाहें तो इसमें कहानी को और आगे बढ़ाया जा सकता है, मगर असल बात यह नहीं है। हमें इसे किसी न किसी मोड़ पर रोकना ही था। यह फ्रेंचाइजी का एक बेहतरीन अंत था। ‘दृश्यम 3′ अभी अपने दूसरे हफ्ते में ही है। लोग अभी भी बड़ी संख्या में थिएटर आ रहे हैं। दूसरे वीकेंड में इसकी कमाई 60 करोड़ रुपये से ज्यादा रही। यह ऐसा आंकड़ा है जिसे कई फिल्में अपनी पूरी लाइफटाइम में भी हासिल नहीं कर पातीं। इसलिए, इसे उन लोगों की खातिर खराब नहीं किया जाना चाहिए।’
दृश्यम 3′ का कलेक्शन
- अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ 2026 की सबसे बड़ी बॉक्स-ऑफिस सफलताओं में से एक बनकर उभरी है।
- इसने रिलीज के सिर्फ 12 दिनों के भीतर दुनिया भर में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
- सैकनिल्क के अनुसार, अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनी इस क्राइम थ्रिलर फिल्म ने दुनिया भर में 501.80 करोड़ रुपये की कमाई की है।
- भारत में इसका कलेक्शन 323.50 करोड़ रुपये है।
- पहले दिन इसने 62 करोड़ रुपये से खाता खोला था।
- अपने शुरुआती हफ्ते में इसने 245.50 करोड़ रुपये कमाए थे।


