सासनी क्षेत्र के ग्राम गदाखेड़ा में घर के बाहर पानी की निकासी के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन से अचानक शिवलिंग प्रकट हो गया। घटना की खबर फैलते ही गांव में श्रद्धालुओं का तांता लग गया और देखते ही देखते पूरा माहौल हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
रविवार को मिली जानकारी के अनुार गांव गदाखेड़ा निवासी राहुल अपने घर के सामने पानी की निकासी के लिए नाली की खुदाई कर रहा था। तभी खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी के बीच से एक सांप बाहर निकल आया। सांप को देखकर राहुल पल भर के लिए ठिठक गया, लेकिन हिम्मत जुटाकर जब उसने थोड़ा और गहरा खोदा, तो नीचे एक शिवलिंग दिखाई दिया। ।
जमीन से शिवलिंग निकलने की खबर जंगल की आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। खबर मिलते ही शिवलिंग के दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सुबह होते-होते आसपास के गांवों से भी सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए गदाखेड़ा पहुंचने लगे, जिससे राहुल के घर के बाहर मेले जैसा माहौल बन गया। गांव की महिलाओं ने शिवलिंग पर जल, दूध और पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना शुरू कर दी। ढोलक और मंजीरों की थाप पर महिलाओं द्वारा भोले बाबा के भजन-कीर्तन का दौर जारी है। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल है और ग्रामीण इसे भगवान शिव का साक्षात चमत्कार मान रहे हैं




