भाजपा के प्रदेश मंत्री व प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेंद्र शर्मा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम पाल सिंह कुशवाहा ने संयुक्त नेतृत्व में सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को के.एल. जैन इंटर कॉलेज के बाहर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाया।
रविवार को चलाए गये सफाई अभियान के तहत विद्यालय परिसर के बाहर सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू थामकर सड़क किनारे फैला कूड़ा-कचरा एकत्र किया और आम जनता को सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश मंत्री यतेंद्र शर्मा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक नागरिक को बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य समाजसेवा के माध्यम से लोगों को जागरूक करना और जनभागीदारी बढ़ाना है, क्योंकि एक स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। वहीं, जिलाध्यक्ष प्रेम पाल सिंह कुशवाहा ने प्रधानमंत्री के स्वच्छता अभियान से प्रेरणा लेकर अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी प्रेरित करने की अपील की। अभियान में विद्यालय के शिक्षकों, कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।




