खेत में लहसुन की बोवनी करने जा रहे बाइक सवार परिवार को लेबड़-नयागांव फोरलेन पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में पति-पत्नी और 13 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि छोटी बेटी गंभीर घायल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया।

जिले की बदनावर तहसील के लेबड़-नयागांव फोरलेन पर शनिवार सुबह एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में पति-पत्नी और उनकी 13 वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य छोटी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया, जिसे खुलवाने के लिए प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बड़ा कठोड़िया गांव निवासी राहुल (35) अपनी पत्नी पूजा (30), बेटी सुमन (13) और छोटी बेटी शिवानी के साथ शनिवार सुबह बाइक पर सवार होकर खेरवास स्थित अपने खेत पर लहसुन की बोवनी के लिए जा रहे थे। जब वे लेबड़-नयागांव फोरलेन स्थित पिटगारा चौराहे पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि राहुल, उनकी पत्नी पूजा और बेटी सुमन ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं छोटी बेटी शिवानी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
