
विस्तार
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम का डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य देशभर में चल रहे अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों की जानकारी को एक जगह जुटाना और समान मुद्दों पर संघर्ष कर रहे लोगों को जोड़ना है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो पोस्ट कर लोगों से अन्याय के खिलाफ अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारी अपने मुद्दे की जानकारी प्लेटफॉर्म पर दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा इंटरैक्टिव मैप के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में समान मुद्दों पर चल रहे आंदोलनों को भी देखा जा सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि देशभर में कई लोग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं और कई बार उन्हें अकेले अपनी आवाज उठानी पड़ती है। उन्होंने छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं से जुड़े आंदोलनों का जिक्र किया।
संसद और सड़क पर साथ देने की बात
राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के तौर पर वह जरूरत के मुताबिक इन मुद्दों को संसद में उठाने, सड़कों पर लोगों के साथ खड़े होने और पत्र लिखने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि जहां भी उनकी जरूरत होगी, वह लोगों के साथ खड़े होने का प्रयास करेंगे। राहुल गांधी ने इसे नेता प्रतिपक्ष के तौर पर अपनी जिम्मेदारी बताया।
