छात्राओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए अनंतधारा फाउंडेशन, सासनी की ओर से कन्या इंटर कॉलेज, सासनी में इन्सिनरेटर एवं पैड वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई गई। इस पहल से छात्राओं को सेनेटरी पैड के उपयोग एवं सुरक्षित निस्तारण की सुविधा मिल सकेगी।
गुरूवार को कार्रक्रम के दौरान कालेज की प्रधानाचार्य श्रीमती उमा सिंह ने मशीनों का उद्घाटन करते हुए अनंतधारा फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि कन्या इंटर कॉलेज क्षेत्र का प्रमुख बालिका विद्यालय है, जिसमें करीब 1600 छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्राओं की संख्या अधिक होने के कारण उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण है। स्वच्छता बनाए रखना छात्राओं के स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। विद्यालय में पैड वेंडिंग मशीन उपलब्ध होने से छात्राओं को आवश्यकता के समय सेनेटरी पैड आसानी से मिल सकेंगे। वहीं, इन्सिनरेटर के माध्यम से इस्तेमाल किए गए सेनेटरी पैड का सुरक्षित एवं स्वच्छ तरीके से निस्तारण किया जा सकेगा। कहा कि छात्राओं की आवश्यकता को समझते हुए फाउंडेशन द्वारा किया गया यह सहयोग सराहनीय है। इस अवसर पर अनंतधारा फाउंडेशन के शुभम उपाध्याय, दास चैधरी, आशुतोष ठाकुर, धर्मेन्द्र चैधरी, आशुतोष पाठक, अधिवक्ता महेंद्र सिंह दिवानिया, अजय चैधरी, कपिल कौशिक, देवेन्द्र चैधरी एवं संदीप चैधरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


