के.एल. जैन इंटर कॉलेज, सासनी में आयोजित स्काउट-गाइड तृतीय सोपान जांच शिविर के तीसरे दिन स्काउट-गाइड को विभिन्न व्यवहारिक एवं उपयोगी स्काउटिंग कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने गांठों, रस्सी के कार्य, अनुमान लगाने की तकनीक एवं दक्षता पदक से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
जिला स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह, गाइड कैप्टन वंदना शुक्ला, संजय जैन ने स्काउट-गाइड को विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया। डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने ड्रॉ हिच, बोलाइन, आई स्प्लाइस, बैक स्प्लाइस एवं शॉर्ट स्प्लाइस जैसी महत्वपूर्ण गांठों एवं रस्सी के कार्यों का प्रशिक्षण देते हुए इनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। इसके साथ ही स्काउट-गाइड को लंबाई, वजन, गहराई एवं संख्या का अनुमान लगाने की विधियों का अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने बिना किसी उपकरण के विभिन्न वस्तुओं एवं दूरियों का अनुमान लगाने की तकनीक सीखी। डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह ने दक्षता पदक की जानकारी देते हुए बताया कि स्काउटिंग में दक्षता पदक विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कौशल विकसित करने और अपनी प्रतिभा को पहचानने का अवसर प्रदान करते हैं।

संजय जैन एवं वरिष्ठ स्काउट पुष्पेन्द्र ने भी प्रतिभागियों को गतिविधियों के दौरान आवश्यक तकनीकी जानकारी एवं अभ्यास कराया। गाइड कैप्टन वंदना शुक्ला ने स्काउट-गाइड को अनुशासन एवं टीम भावना के साथ प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर की व्यवस्थाओं में स्काउट-गाइड ने जिम्मेदारी और अनुशासन का परिचय दिया। ध्वजलीडर सेजल गौतम रहीं। गुनगुन गोला, हनु कुमारी, महिमा सिंह, लवी सोलंकी, मुस्कान, अजीति, गुंजन, साइन, ज्योति, भुवनेश प्रताप सिंह, हर्ष, अखंड, तरुण, साहिल, अमन, विष्णु, अभिषेक, दिव्यांशु का सराहनीय सहयोग रहा। तृतीय सोपान जांच शिविर का तीसरा दिन व्यवहारिक प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं गतिविधियों से परिपूर्ण रहा। सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलीगढ़ मंडल नेहा कटियार एवं जिला संगठन आयुक्त धीरेंद्र प्रताप सिंह ने शिविर की गतिविधियों की सराहना की।


