सीआईएसएफ जवान विवेक डागुर दिल्ली पुलिस की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने के लिए आ रहे थे। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर वह ट्रेन से गिर गए और उनकी मौत हो गई।

ओडिशा के भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ ) के जवान की बृहस्पतिवार सुबह अलीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन हादसे में मौत हो गई। थाना टप्पल क्षेत्र के गांव सालपुर निवासी 23 वर्षीय विवेक डागुर दिल्ली पुलिस की शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे।
आरपीएफ के पोस्ट कमांडर अजीत तिवारी के अनुसार सुबह करीब 05:10 बजे मिनी कंट्रोल रूम टूंडला से दाऊद खां-अलीगढ़ स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 1324/20-22 पर किसी व्यक्ति के ट्रेन हादसे का शिकार होने की सूचना मिली। तलाशी लेने पर मिले पहचान संबंधी दस्तावेजों से मृतक की पहचान सीआईएफ जवान विवेक डागुर पुत्र गुलवीर सिंह निवासी गांव सालपुर, तहसील खैर, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई।
हालांकि विवेक के पास से यात्रा संबंधी कोई टिकट अथवा पास नहीं मिला। चचेरे भाई के बेटे श्यामवीर सिंह और दोस्त दिनेश कुमार ने बताया कि विवेक भुवनेश्वर, ओडिशा स्थित एयरपोर्ट पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह दिल्ली पुलिस की फिजिकल परीक्षा में शामिल होने के लिए घर आ रहे थे।
