गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा निवासी नौशहरा ढाला और अमनदीप सिंह निवासी ढोडीविंड, हाल निवासी अटारी, हेरोइन की सप्लाई करने के लिए डिफेंस नहर की ओर से पैदल आ रहे थे।पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर उन्हें काबू कर लिया।

नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घरिंडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलो 147 ग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद हेरोइन में पैकिंग सामग्री भी शामिल बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना घरिंडा की पुलिस पार्टी रविवार को टी-प्वाइंट अटारी के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपा निवासी नौशहरा ढाला और अमनदीप सिंह निवासी ढोडीविंड, हाल निवासी अटारी, हेरोइन की सप्लाई करने के लिए डिफेंस नहर की ओर से पैदल आ रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर नाकाबंदी कर दी। कुछ समय बाद दोनों संदिग्ध वहां पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
यह कार्रवाई सब-डिवीजन अटारी के डीएसपी यादविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।



