पेट्रोल बम से धमाका करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ जोनी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी।

पटियाला के अबचल नगर में एक घर के बाहर पेट्रोल बम से धमाका करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी हरविंदर सिंह उर्फ जोनी और उसके दो साथियों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात रंजिश के चलते अंजाम दी गई थी। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई 2026 की मध्य रात्रि को बाइक सवार युवकों ने अबचल नगर निवासी परमिंदर सिंह उर्फ रूबल के घर में आग लगाने के इरादे से पेट्रोल बम फेंका था। बीयर की बोतल में पेट्रोल भरकर और कपड़े की बत्ती लगाकर इसे मुख्य गेट पर फेंका गया। इससे तेज धमाका हुआ और आग की लपटें उठीं।
इस मामले में थाना अनाज मंडी में केस दर्ज किया गया था। जांच के लिए टीमें बनाई गईं जिन्होंने खुफिया जानकारी और तकनीकी विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की। गिरफ्तार आरोपियों में हरविंदर सिंह उर्फ जोनी, हरसजीत सिंह उर्फ हर्ष और परमेसर उदे प्रताप सिंह उर्फ उदे शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि इन आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड है। उनके खिलाफ हत्या, हत्या की कोशिश और लूट के मामले दर्ज हैं। पूछताछ में सामने आया है कि हरविंदर सिंह उर्फ जोनी की परमिंदर सिंह उर्फ रूबल से पुरानी रंजिश थी। इसी रंजिश के कारण हरविंदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई। उन्होंने सरहिंद रोड पर एक पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाया फिर बाइक से पेट्रोल निकालकर बीयर की बोतल में डाला और आग लगाकर परमिंदर के घर के गेट पर फेंक दिया।