गांव हरिपुरा के सुरेंद्र कुमार एवं अन्य द्वारा आरोप लगाते हुए बताया कि राशन डिपो संचालक रामदिया 80 से 90 परिवारों का कई महीनों का राशन गबन कर गया। इस पर मंत्री श्याम सिंह राणा ने संबंधित डिपो होल्डर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतें सुनीं। बैठक में 7 पुरानी एवं 5 नई शिकायतों पर सुनवाई की गई। सात शिकायतों का मौके पर ही निपटान किया गया, जबकि पांच मामलों में जांच के आदेश देकर अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
गांव हरिपुरा के सुरेंद्र कुमार एवं अन्य द्वारा आरोप लगाते हुए बताया कि राशन डिपो संचालक रामदिया 80 से 90 परिवारों का कई महीनों का राशन गबन कर गया। इस पर मंत्री श्याम सिंह राणा ने संबंधित डिपो होल्डर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इस मामले की जांच कमेटी द्वारा भी करवाई गई थी। वहीं गांव काकौत निवासी पूनम देवी की निजी स्कूल द्वारा बच्ची को परीक्षा से वंचित करने एवं एसएलसी जारी न करने की शिकायत पर दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति कराई गई।
निर्णय लिया गया कि छात्रा आरटीई के तहत कक्षा छठी की पुन परीक्षा देगी तथा परिणाम के अनुसार स्कूल द्वारा एसएलसी जारी की जाएगी। बता दें कि गत बैठक में इस स्कूल की मान्यता रद्द करने के निर्देश दिए गए थे और अब इसमें समझौता करवा दिया। सुनवाई के दौरान एक महिला भावुक होकर रो पड़ी। इस मौके पर डीसी अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, ज्योति सैनी, शैली मुंजाल मौजूद रहे।




