अमर उजाला ऑफिस पहुंचे पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने शिअद, भाजपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा आप ने चार साल के कार्यकाल में अपनी पांच गारंटियां पूरी कर ली हैं।

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि चुनाव से करीब एक साल पहले आम आदमी पार्टी ने अपनी पांचों गारंटियां पूरी कर ली हैं और पार्टी के लिए यही इस बार दोबारा जीत की गारंटी है। उन्होंने दावा किया कि साल 2022 में जिस तरह मतदाताओं ने बहुमत देकर आम आदमी पार्टी को जिताया था, उससे भी अधिक बहुमत के साथ पंजाब में आप सरकार 2027 में दोबारा आएगी।
वित्त मंत्री ने दावा किया कि साल 2027 में आम आदमी पार्टी का सियासी मुकाबला किसी के साथ नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पंजाब में भाजपा की सियासी जमीन मजबूत करने के लिए जोर लगा चुके हैं, लेकिन सूबे में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। पिछले चुनाव में भाजपा अकेले लड़ी थी और दो सीटें जीती थीं, मगर इस बार वे भी नहीं आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हाल सबके सामने है, वहां ‘एक अनार सौ बीमार’ वाली स्थिति है।
साल 2017 से 2022 तक पंजाबियों ने कांग्रेस का कार्यकाल देखा है, उनका एक भी वादा पूरा नहीं हो पाया। चंद व्यक्तियों की कर्जमाफी कर बड़े-बड़े बोर्ड लगा दिए गए थे, इस तरह चुनाव नहीं जीता जाता। कांग्रेस इस वक्त भारी गुटबाजी का शिकार है। उनके नेताओं के अपने निजी स्वार्थ हैं और ऐसी स्थिति में न कांग्रेस कभी एकजुट होगी और न ही जीतेगी।
बिल लाओ, एक लाख रुपये पाओ
पंजाब सरकार ने कर चोरी रोकने और उपभोक्ताओं को बिल लेने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मेरा बिल ऐप’ और ‘बिल लाओ, इनाम पाओ’ पोर्टल की शुरुआत की है। ‘मेरा बिल’ मोबाइल ऐप पर एक-एक लाख रुपये के स्क्रैच कूपन उपलब्ध हैं, जो पोर्टल पर बिल अपलोड करने के बाद जारी किए जाते हैं। वित्त मंत्री चीमा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य व्यापारियों द्वारा बिना बिल के बिक्री कर की जा रही जीएसटी चोरी को रोकना और राज्य सरकार के राजस्व संग्रह में बढ़ोतरी करना है।
