
रोहतक जिले के काहनौर गांव में मंगलवार की रात शराब पीकर पत्नी को पीट रहे आरोपी युवक लोकेश को पकड़ने गई पुलिस की टीम पर आरोपी ने हमला कर दिया। सिर में बोतल मारकर ईवीआर 594 के चालक हवलदार विजय का सिर फोड़ दिया। उन्हें सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर वीरवार को अदालत में पेश किया जहां से न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक, भिवानी जिले के गांव बामला निवासी विजय कुमार रोहतक पुलिस में तैनात हैं। उनकी ड्यूटी फिलहाल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 की ईवीआर पर चालक हैं। आरोप है कि मंगलवार की रात गीता नाम की महिला ने कॉल की और बताया कि उसका पति लोकेश शराब पीकर उसके साथ झगड़ा कर रहा है।
पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची तो गीता को घर से बाहर निकाला हुआ था। पुलिस को देखकर आरोपी तेज आवाज में गालियां देने लगा। पुलिस ने समझाया तो आरोपी बात मानने के लिए तैयार नहीं हुआ। साथ ही, शराब की खाली बोतल हवलदार विजय के सिर पर दे मारी। इससे वह लहूलुहान हो गए।




