तहसील सभागार में शनिवार की दोपहर को एसडीएम शिव प्रकाश यादव की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं नगर क्षेत्र के लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे। अधिकारियों ने एक-एक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
शनिवार को लगाए गये समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें भूमि संबंधी विवाद, मेड़बंदी, पुलिस तथा बिजली विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। कई फरियादियों ने राजस्व अभिलेखों में त्रुटियों, खेतों की सीमांकन एवं मेड़बंदी की समस्याओं को उठाया, जबकि कुछ लोगों ने बिजली आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मर एवं पुलिस से जुड़े मामलों की शिकायत दर्ज कराई।
एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए तथा मौके पर जाकर जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत कर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें निर्धारित समय सीमा में न्याय मिले। इस अवसर पर तहसीलदार डॉली यादव, नायब तहसीलदार विकास भारद्वाज, एबीएसए अखिलेश प्रताप सिंह, नगर पंचायत से अमरदीप, कोतवाली से महिपाल सिंह, कृषि विभाग से श्रीनिवास पचैरी सहित राजस्व, पुलिस, बिजली, विकास, पंचायत, स्वास्थ्य, कृषि तथा अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही यथासंभव निस्तारण किया तथा शेष मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के लिए सौंप दिया। समाधान दिवस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS

