UP: आंखें फोड़ीं, निजी अंग काटा, शरीर पर कई जगह दरांती से वार; ‘कातिल मंत्री’ को मजाक में कहा था ये शब्द

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

गाजियाबाद के मोदीनगर के एक गांव में ग्रामीण को तंज कसना इतना नागवार गुजरा कि उसने युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी ने उसकी आंखें फोड़ दीं और शरीर के कई हिस्सों पर दरांती से ताबड़तोड़ वार किए।

गाजियाबाद के मोदीनगर के पूठरी गांव में एक मामूली सी बात पर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। एक युवक को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसने एक ग्रामीण पर तंज कस दिया था। आरोपी ने इतनी बेरहमी से हत्या को अंजाम दिया कि मृतक की आंखें फोड़ दीं और दरांती से शरीर पर अनगिनत वार किए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल की गई दरांती व मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक तरुण उर्फ नमित, मूल रूप से मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला था और पिछले दो वर्षों से पूठरी गांव में अपने परिवार के साथ किराए पर रह रहा था। रविवार शाम से लापता तरुण का शव सोमवार को गांव से करीब 500 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। शव की हालत अत्यंत वीभत्स थी, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कबूल जुर्म
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूठरी गांव के ही निवासी निरांचल उर्फ मंत्री को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। डीसीपी के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मामूली सी कहासुनी और तंज कसने की बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने आपा खो दिया और निर्मम हत्या को अंजाम दिया।

पीड़ित परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक तरुण अपने परिवार में सबसे बड़ा था। उसके पिता निर्दोष सैन मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। मां मधुबाला, भाई कृष्णा और दो बहनें अनुराधा व गुड़िया का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की है। इस घटना ने पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
शाम को टहलने निकला, फिर नहीं लौटा
पुलिस ने बताया कि तरुण परतापुर के गेझा औद्योगिक क्षेत्र में गद्दा फैक्टरी में काम करता था। रविवार को अवकाश होने के कारण वह शाम करीब पांच बजे टहलने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। खोजबीन करने के बाद परिजनों ने रात करीब 11:30 बजे ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को उसके लापता होने की सूचना दी।

सुबह निवाड़ी-पूठरी संपर्क मार्ग के पास पूठरी निवासी रामवीर के खेत में तरुण का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। ग्रामीणों से इसकी सूचना मिलने पर निवाड़ी पुलिस व तरुण के पिता मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
भंगजी बाबा कहकर उड़ाया था मजाक
हत्यारोपी निरांचल उर्फ मंत्री (33) ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि बीते शुक्रवार को तरुण, गांव के ही प्रिंस और उनके कुछ दोस्तों ने उसे भंगजी बाबा कहकर तंज कसते हुए मजाक उड़ाया था। इसी बात से वह आक्रोशित था। आरोपी के अनुसार रविवार शाम उसने तरुण को गांव से निवाड़ी की ओर जाते देखा।

तरुण ने उसे फिर भंगजी बाबा कहकर पुकारा। इस पर उसने तरुण पर दरांती से हमला कर दिया। आरोपी ने उसके चेहरे, गर्दन, पेट और निजी अंगों पर कई वार किए। उसने तरुण की दोनों आंखें भी फोड़ दीं और पेट की आंतें तक बाहर निकाल दी।

वारदात के बाद शव को सड़क से खींचकर खेत में ले गया और बोरे में भरने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर शव वहीं छोड़कर भाग गया। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अन्य लोगों को भी निशाना बनाने की फिराक में था और मजाक उड़ाने वाली घटना के बाद से ही दरांती लेकर घूम रहा था। तीन दिन पहले उसने प्रिंस पर भी हमला किया था, लेकिन लोग पहुंच गए और वह बच गया।
सनकी प्रवृत्ति का है आरोपी मोबाइल फोन ले गया घर
पुलिस के अनुसार, जांच में पता चला कि आरोपी निरांचल सनकी प्रवृत्ति का है और मजदूरी करता है। वह नशे का आदी होने के साथ तांत्रिक क्रियाओं में भी रुचि रखता था। पूछताछ में उसने बताया कि शव के पास संस्कृत के श्लोक भी पढ़े थे। इसके बाद वह मृतक का मोबाइल फोन लेकर घर चला गया, जिसके आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई