युवक के कपड़े मंडी परिसर में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोटें दिखाई दीं।

हलवारा गांव में मंगलवार सुबह 26 वर्षीय करनजोत सिंह पुत्र अजीतपाल सिंह का शव लगभग तीन किलोमीटर दूर पक्के फड़ वाली अनाज मंडी से बरामद हुआ। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे जब गांव के कुछ लोग अनाज मंडी पहुंचे तो वहां करनजोत सिंह का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने तुरंत सरपंच सुखविंदर सिंह हलवारा और पंचायत को सूचना दी। इसके बाद थाना सुधार के प्रभारी साहिबमीत सिंह को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही एएसआई जॉन मसीह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना भेज दिया।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव पर केवल अंडरगारमेंट्स थे, जबकि उसके बाकी कपड़े मंडी परिसर में अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मृतक के सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी कई चोटें दिखाई दीं
मृतक के परिजनों, पंचायत और ग्रामीणों का आरोप है कि करनजोत की हत्या करने के बाद उसका शव अनाज मंडी में फेंका गया है। उन्होंने थाना सुधार पुलिस से तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। गांव में घटना को लेकर भारी रोष व्याप्त है।
परिवार के अनुसार करनजोत सिंह पिछले कुछ समय से हेरोइन की लत का शिकार था और उसका उपचार भी चल रहा था। वह लुधियाना की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। सोमवार को काम से घर लौटने के बाद रात करीब आठ बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव अनाज मंडी से बरामद हुआ।
इस घटना ने हलवारा में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लगभग दो वर्षों में गांव के 10 से अधिक युवाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन मौतों ने गांव में भय, गुस्सा और शोक का माहौल बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नशा तस्करों के नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई नहीं होगी और संदिग्ध मौतों की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक युवाओं की जान बचाना मुश्किल होगा।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। सिर और शरीर पर मिले गंभीर चोटों तथा घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पूरे मामले को गंभीरता से जांचे जाने की मांग तेज हो गई है।