सासनी विकासखंड के गांव शेखुपुर अजीत मेंएक छोटा नंदी अचानक गहरे कुएं में गिर गया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जिसे ग्रामीणों ने अथक प्रयास के बाद कुएं से निकालकर उपचार कराया।
रविवार को कुएं में नंदी के गिरने की खबर फैलते ही मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत और अथक प्रयास के बाद नंदी को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, गहरे कुएं में गिरने के कारण नंदी गंभीर रूप से घायल और बेहद कमजोर हो गया, जिससे वह अपने पैरों पर खड़ा होने में भी असमर्थ था। उधर घटना की जानकारी मिलते ही गौसेवा परिवार भारत ट्रस्ट की गौसेवा एम्बुलेंस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से गंभीर रूप से घायल नंदी को रेस्क्यू किया। इसके बाद उसे बेहतर इलाज, दवा और उचित देखरेख के लिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि नंदी की हालत पर नजर रखी जा रही है और उसका डॉक्टरों की देखरेख में उपचार किया जा रहा है। गौसेवा ट्रस्ट ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन में तत्परता दिखाने और नंदी की जान बचाने में सहयोग करने वाले सभी ग्रामीणों व गौभक्तों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया है। इसके साथ ही संस्था ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई घायल, दुर्घटनाग्रस्त, बीमार या असहाय गौवंश दिखाई दे, तो उसकी सूचना तुरंत संगठन को दें ताकि समय पर उसका उपचार कराया जा सके।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS