Haryana: नहर में डूबे दो भाई, मौके पर मचा हड़कंप; एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश

Picture of priya singh

priya singh

SHARE:

दोनों रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। परिजनों के अनुसार चंदू राम रविवार सुबह करीब नौ बजे घर से बाइक लेकर मानेसर ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था।
Two brothers drowned in the canal

गांव बव्वा के पास से गुजर रही जवाहरलाल नेहरू नहर में रविवार सुबह नहाने गए दो ममेरे-फुफेरे भाई तेज बहाव में बह गए। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू कर दिया। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल बना हुआ है।

लापता युवक 20 वर्षीय चंदू राम निवासी गांव बहू और 11 वर्षीय यशवंत निवासी गांव जाट जांटी के रहने वाले हैं। दोनों रिश्ते में ममेरे-फुफेरे भाई हैं। परिजनों के अनुसार चंदू राम रविवार सुबह करीब नौ बजे घर से बाइक लेकर मानेसर ड्यूटी पर जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में वह अपने भाई मुकेश और ममेरे भाई यशवंत के साथ गांव बव्वा के पास स्थित जवाहरलाल नेहरू नहर पर पहुंच गया। तीनों नहर में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान नहर में पानी का बहाव काफी तेज हो गया। अचानक बढ़े बहाव के कारण चंदू राम और यशवंत संतुलन खो बैठे और गहरे पानी में बहने लगे। दोनों को बहता देख उनके साथ मौजूद मुकेश ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन उस समय आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था जो तुरंत सहायता कर सके। 

मुकेश ने तुरंत घटना की सूचना परिजनों को दी। खबर मिलते ही दोनों परिवारों के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर नहर में तलाश शुरू की, लेकिन पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण कोई सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों का कहना है कि नहर में पानी का बहाव इन दिनों काफी तेज है, जिसके चलते पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

देर शाम तक बचाव दल दोनों की तलाश में जुटा रहा
घटना की सूचना मिलने के बाद खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अनिल कुमार, नाहड़ चौकी इंचार्ज अरविंद कुमार, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कोसली विजय कुमार ने तुरंत एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजने के निर्देश दिए। टीम ने पहुंचते ही गोताखोरों और बोट की सहायता से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया।

priya singh
Author: priya singh