
आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की बड़ी लापरवाही के कारण रोड के किनारे बने नाले पर स्लैब (पटिया) न होने के कारण एक चलती कार का पहिया नाले में जा फंसा। इस घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बनी रही। कार चालक बाल-बाल बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार एक कार अलीगढ की ओर से सासनी की ओर आ रही थी। बताते हैं कि सासनी में घुसते ही कार चालक ने सामने चल रहे एक वाहन को बचाने का प्रयास किया तो कार का पहिया नाले में जा घुसा जिससे राजमार्ग बाधित हो गया और काफी देर तक बाधित रहा। लोगों ने बडी मशक्कत के बाद कार के पहिए को नाले से निकाला तब जाकर राजमार्ग सुचारू हो सका। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। नाले पर स्लैब न होने की शिकायत क्षेत्रीय लोग कई बार संबंधित विभागीय अफसरों से कर चुके हैं, मगर अभी तक किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है। विभागीय अफसरों की यह लापरवाही अब राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह कोई पहली घटना नहीं है। नाला खुला होने की वजह से आए दिन यहाँ दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अब तक कई मोटरसाइकिल सवार इस नाले में गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं। रात मे अंधेरा होने के कारण वाहन चालकों को खुला नाला दिखाई नहीं देता, जिससे बड़े हादसे की आशंका हमेशा बनी रहती है। कार का पहिया फंसने के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। काफी मशक्कत के बाद कार के पहिये को नाले से बाहर निकाला जा सका, जिसके बाद यातायात सुचारू हो पाया। क्षेत्र के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले पर स्लैब नहीं डाली गई, तो वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
Author: Sunil Kumar
SASNI, HATHRAS



