
प्री-पेड स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने शुक्रवार को सासनी गेट बिजलीघर पर जमकर हंगामा किया। महिलाओं के आक्रोश को देखते हुए बिजलीघर और एसडीओ कार्यालय का स्टाफ भाग खड़ा हुआ। महिलाओं ने प्री-पेड मीटर हटाओ और पोस्ट पेड मीटर लगाओ, के नारे लगाए। महिलाओं ने आंदोलन की चेतावनी दी।
बिजली निगम ने शुक्रवार को 13,906 उपभोक्ताओं की बिजली काट दी। इनमें करीब साढ़े आठ हजार उपभोक्ता शहर के शामिल हैं। बिजली गुल होने के बाद उपभोक्ता बिजलीघरों की ओर बकाया जमा करने के साथ रिचार्ज कराने दौड़ पड़े। शहर के सासनी गेट, रावणटीला, बारहद्वारी, किला रोड, जमालपुर, एलमपुर, लाल ताल, क्वार्सी, स्वर्ण जयंती नगर आदि बिजलीघरों के कैश काउंटर पर कतार लग गई।
हर कोई बिल जमा करने की जद्दोजहद में जुटा रहा। रिचार्ज के बाद विभाग दो घंटे में बकाया देने का आश्वासन देता है। सुबह बिल जमा करने के बाद दोपहर एक बजे तक बिजली न आने से पला साहिबाबाद, गांधी नगर, सराय दुबे, भुजपुरा, जयगंज और पक्की सराय समेत कई इलाकों की महिलाओं ने सासनी गेट बिजलीघर पर पहुंचकर हंगामा किया।
महिलाओं ने कहा कि जब से प्री-पेड स्मार्ट मीटर लगा हैं, सुखचैन खो गया है। बिजली बिल दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। चेतावनी दी कि जब तक स्मार्ट मीटर हटाया गया तो सड़क पर उतर कर आंदोलन करेंगे। सूचना पर पहुंचे सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी, जिला महासचिव मनोज यादव और आमिर आबिद महिलाओं की व्यथा सुनी और अधिकारियों से समस्या का समाधान करने की मांग की।
सपा पदाधिकारियों के साथ एडीओ कार्यालय में पहुंच कर महिलाओं ने नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे बिजली अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को समझा-बुझाकर शांत कराया। जिला महासचिव मनोज यादव ने बताया कि प्री-पेड स्मार्ट मीटर के विरोध शनिवार को लाल डिग्गी स्थित बिजलीघर पर प्रदर्शन किया जाएगा। मौके पर अजीम अब्बासी, हरीश माहौर, सन्नी सारस्वत, सलामुद्दीन अब्बासी, मोनू कुमार आदि सपा नेता भी मौजूद रहे।
उपकेंद्र सासनी गेट पर प्रदर्शन की जानकारी होते ही अधीक्षण अभियंता शहर, अधिशासी अभियंता और चारों एक्सईएन को मौके भेजा गया। बिजली घर पर एकत्रित उपभोक्ताओं को टीम ने समझाया। उपभोक्ताओं ने प्रीपेड कनेक्शन को पोस्टपेड करने की मांग की। अधिकारियों ने जानकारी देकर उन्हें संतुष्ट कर भेजा।
-अरविंद नायक, मुख्य अभियंता, बिजली निगम




