लेखपालों ने अतिरिक्त कार्य का बस्ता जमा किया:सासनी में समस्याओं का समाधान न होने पर उठाया कदम

Picture of Sunil Kumar

Sunil Kumar

SHARE:

सासनी तहसील के लेखपालों ने बुधवार को अपने अतिरिक्त क्षेत्रों का कार्य (बस्ता) भूलेख कार्यालय में जमा कर दिया। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जिला कार्यकारिणी के आह्वान पर यह कदम उठाया गया है। लेखपालों का कहना है कि लंबे समय से लंबित उनकी समस्याओं का समाधान न होने के कारण वे आंदोलन के प्रथम चरण के तहत यह कार्रवाई करने को मजबूर हुए हैं।
संघ के निर्देशानुसार, लेखपालों ने अतिरिक्त हल्कों (क्षेत्रों) का प्रभार छोड़ दिया है और संबंधित दस्तावेज तहसील कार्यालय में जमा करा दिए हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि इस कार्य बहिष्कार के कारण जनता को होने वाली किसी भी असुविधा के लिए शासन और प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा। यह निर्णय जिला कार्यकारिणी द्वारा जारी पत्र के क्रम में बुधवार को लिया गया। लेखपालों ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार मांग के बावजूद उनकी विभागीय समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनकी प्रमुख मांगों में वेतन विसंगति, पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी मुद्दे शामिल हैं। बस्ता जमा करने के दौरान बड़ी संख्या में लेखपाल मौजूद रहे। इनमें तहसील अध्यक्ष अरविन्द कुमार सेंगर, जिला उपाध्यक्ष गौरव चौधरी, बलवीर सिंह, मोहसीन खान, विवेक वाष्र्णेय, सचिन पुण्डीर, धर्मवीर चौधरी, सचिन शर्मा, कु० राखी और कु० वर्षा सहित अन्य लेखपाल शामिल थे।

Sunil Kumar
Author: Sunil Kumar

SASNI, HATHRAS