शोरूम गिरने की सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से पता किया। तब सराफ को सूचना दी गई। शोरूम के पीछे जमीन पर बिल्डिंग बन रही थी। हादसे की वजह पता नहीं चल सकी है। शोरूम गिरने से लाखों के नुकसान का अनुमान है। चांदी के जेवरात और अन्य सामान के भी मलबे में दबने की आशंका है।

आगरा के कोतवाली स्थित किनारी बाजार में बृहस्पतिवार रात को सराफ का तीन मंजिला शोरूम भरभराकर गिर पड़ा। शोरूम का मलबा सड़क पर आ गया। आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग दहशत में आ गए। उन्होंने भागकर जान बचाई। क्षेत्र में भी अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। देर रात तक किसी के घायल होने की जानकारी नहीं थी।
बल्केश्वर स्थित सीताराम कालोनी निवासी रिंकू बंसल का किनारी बाजार में तीन मंजिला शोरूम है। इसमें चांदी के जेवरात सहित बर्तन आदि की बिक्री की जाती है। सराफ ने बताया कि उन्होंने 5 साल पहले जगह ली थी। तब से शोरूम चला रहे थे। वह रात में शोरूम बंद करके गए थे। रात में तकरीबन 11:45 बजे शोरूम का तीन मंजिला भवन गिरने की सूचना मिली। वह घटनास्थल पर पहुंच गए।
पुलिस ने बताया कि शोरूम जिस जगह पर है, वहां घना बाजार है। कई दुकान के साथ मार्केट बने हुए हैं। शोरूम गिरने से एक अन्य दुकान भी चपेट में आ गई। उसका भी नुकसान हुआ है। आवाज सुनकर आसपास से निकलकर जा रहे लोग दहशत में आ गए थे। जिस समय घटना हुई, उस समय बाजार में अधिकतर दुकान बंद हो चुकी थीं। मलबा सड़क पर आने की वजह से रास्ता बंद हो गया। बाद में पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पता किया। तब सराफ को सूचना दी गई। शोरूम के पीछे जमीन पर बिल्डिंग बन रही थी। हादसे की वजह पता नहीं चल सकी है। शोरूम गिरने से लाखों के नुकसान का अनुमान है। चांदी के जेवरात और अन्य सामान के भी मलबे में दबने की आशंका है।
रात में ही मलबा उठाने का काम शुरू
किनारी बाजार में हादसा होने की वजह से रास्ता बंद हो गया। इस पर पुलिस ने रात में ही ट्रैक्टर ट्राली से मलबा उठाना शुरु करा दिया। इसके लिए पीड़ित सराफ की भी मदद ली जा रही थी। शुक्रवार को बाजार खुलने से पहले पुलिस ने मलबा हटाने की तैयारी कर ली थी। आसपास के इलाके को यलो टेप से रोक दिया, जिससे कोई और उस तरफ नहीं जाए।