
गांव नाथूपुर स्थित फैक्टरी में दो सगे भाइयों की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ने माउथ फ्रेशनर बनाने वाली फैक्टरी में निकोटीन पी लिया था। हालत बिगड़ने पर उनको अस्पताल ले जाया गया जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि माता-पिता के बीमार रहने के कारण दोनों भाई मानसिक तनाव में थे। मंगलवार देर शाम प्याऊ मनियारी में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।
दोनों का शव मंगलवार देर शाम प्याऊ मनियारी लाया गया और रात करीब आठ बजे एक ही चिता पर दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसे देख हर आंख नम हो उठी। परिवार पहले से ही कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि दोनों युवक लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।
मां कैंसर से लड़ रही तो पिता हार्ट रोगी
बताया जा रहा है कि परिवार पहले से ही संकट से जूझ रहा है। युवकों की मां कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित है। पिता हृदय रोग से ग्रसित हैं। बड़े भाई की पत्नी भी साथ नहीं रहती। बताया जा रहा है कि आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों से घिरे दोनों युवकों ने यह कदम उठा लिया।
युवकों का भाई बुआ के पास रह रहा
क्षेत्रवासी ने बताया कि दोनों भाइयों की एक बहन व एक छोटा भाई भी है। उनके छोटे भाई निखिल को महज पांच माह की उम्र में ही उनकी बुआ ने गोद ले लिया था। उसके बाद से वह बुआ के साथ रहता है। घटना के बाद से परिवार का रोकर बुरा हाल है।
दो सगे भाइयों के फैक्टरी में जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली थी। दिल्ली में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में माता-पिता के बीमार रहने के चलते दोनों भाइयों के मानसिक रूप से परेशान रहने की जानकारी मिली है। दिल्ली के अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया। -इंस्पेक्टर सेठी मलिक, थाना प्रभारी कुंडली