आज भी बारिश-ओलावृष्टि का असर, कल से साफ रहेगा मौसम

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि जारी है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार आज भी असर रहेगा, इसके बाद मौसम साफ होगा, जबकि तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी तेज होने के संकेत हैं।

UP Weather Update: यूपी में आज और कल बिगड़ा रहेगा मौसम, इन जिलों के लिए IMD  का ऑरेंज अलर्ट - UP Orange Alert imd Rain update weather latest news  prayagraj lucknow Kanpur

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में पूर्वी व उत्तरी हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद मौसम साफ होगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अप्रैल के आखिरी पखवाड़े में गर्मी तेज होगी और मई-जून में इस बार अच्छी गर्मी पड़ने के आसार हैं।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट
जयपुर मौसम केंद्र ने आज भरतपुर और जयपुर संभाग में हल्की वर्षा का अलर्ट जारी किया है। जबकि राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। वहीं  9 अप्रैल से अगले 4-5 दिनों तक प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। वहीं 10 अप्रैल से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के संकेत हैं, जिससे गर्मी धीरे-धीरे तेज होगी।

उत्तरी व पश्चिमी इलाकों में ओलावृष्टि
मंगलवार को राज्य के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई, वहीं श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और नागौर समेत कई इलाकों में आंधी के साथ ओले गिरे। राजधानी जयपुर में रात के समय करीब डेढ़ घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। सीकर और झुंझुनूं के छह गांवों में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है। बदले मौसम के चलते राज्य के 10 से अधिक शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 36.6 डिग्री तापमान रहा, जबकि सीकर के फतेहपुर में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पिछले 24 घंटों में जोधपुर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, जयपुर, दौसा, अलवर, टोंक, भरतपुर और धौलपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। नागौर, चूरू और हनुमानगढ़ में 40 किमी प्रति घंटे से अधिक रफ्तार की आंधी चली और कई स्थानों पर ओलावृष्टि हुई। फलोदी में सर्वाधिक 42.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि अनूपगढ़, कुचामन और कोलायत सहित कई जगहों पर भी अच्छी बारिश हुई।

लगातार बारिश से गेहूं और इसबगोल जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा है। कई जगह खेतों में पानी भरने से कटाई के लिए तैयार फसल खराब हो गई, वहीं मंडियों में रखी उपज भी भीग गई।

Farheen
Author: Farheen