एक साथ उठीं नौ अर्थियां: मंजर देख छलक उठे लोगों के आंसू, सदमे में परिजन; देर शाम में ही करा दिया अंतिम संस्कार

Picture of ILMA NEWSINDIA

ILMA NEWSINDIA

SHARE:

दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में एक ही परिवार के नौ सदस्यों की जान चली गई। मृतकों में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला और तीन पोतियां भी शामिल थीं।

Delhi Palam Fire News Dead bodies were cremated after post mortem at night

पालम के साध नगर हादसे में जान गंवाने वाले सभी 9 लोगों का बुधवार शाम को ही दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल में पोस्टमार्टम करा दिया गया। परिजनों ने देर शाम पालम के मंगलापुरी श्मशान घाट में नम आंखों से सभी का अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार के 9 शवों को देखकर राजेंद्र कश्यप बार-बार बेहोश हुए जा रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य इतने गहरे सदमे में हैं कि कोई कुछ बोल नहीं रहा है।

हजारों लोगों की मौजूदगी में फैसला लिया गया कि अंतिम संस्कार के लिए सुबह का इंतजार नहीं किया जाएगा। इसके बाद शवों को अर्थी सजाकर सीधे डीडीयू अस्पताल से श्मशान घाट ले जाया गया। हालांकि दिल्ली में बुधवार शाम को मौसम भी खराब हो गया। परिजन बारिश के बीच ही शवों को लेकर श्मशान घाट पहुंचे। इसके बाद शव मंगलापुरी ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। राजेंद्र कश्यप के साले सुरेंद्र ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद उनके जीजा दोपहर को ही गोवा से दिल्ली आ गए थे। परिवार के साथ शिमला गए सुनील शाम के समय दिल्ली पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पोस्टमार्टम की अनुमति मांगी।

यह है मामला
दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह एक बहुमंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लग गई। अग्निकांड में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला, उनकी तीन पोतियों समेत एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। एक पोती की उम्र मात्र तीन साल थी। तीन लोग घायल हैं, जिनमें से दो लोगों ने आग से बचने के लिए इमारत से छलांग लगाई थी। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। इसकी जांच की जा रही है। 

सुबह 7.04 बजे आग लगने की सूचना मिली
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि सुबह 7:04 बजे पालम गांव थाने में आग लगने की सूचना पर मौके पर राहत और बचाव टीम भेजी गई। करीब 30 फायर टेंडर और 11 एम्बुलेंस के साथ पुलिस, बीएसईएस, एयर फोर्स पुलिस और एनडीआरएफ के कर्मियों को राहत और बचाव अभियान में लगाया गया। पालम मेट्रो स्टेशन के पास राम चौक मार्केट में स्थित इस इमारत में हादसे के समय 15 लोग मौजूद थे। इमारत के बेसमेंट, भूतल और पहली मंजिल पर कपड़े तथा सौंदर्य प्रसाधन का शोरूम था, जबकि शोरूम के मालिक व राम चौक बाजार के अध्यक्ष राजेंद्र कश्यप अपनी पत्नी, पांच बेटों, एक बेटी, चार बहुओं और सात पोते-पोतियों के साथ दूसरी और तीसरी मंजिल पर रहते थे। 

पहली मंजिल पर लगी थी आग
पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने इमारत की दीवार तोड़कर पीड़ितों को बचाने की कोशिश की। पड़ोसियों ने बताया कि आग शुरू में पहली मंजिल पर लगी थी, लेकिन देखते ही देखते पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। संभवत: दुकान में मौजूद अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ इत्र और अन्य सौंदर्य उत्पादों के कारण आग फैली। घटना के समय घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद नहीं थे। कश्यप गोवा में थे, जबकि एक बेटा और उसका परिवार छुट्टी मनाने बाहर गए हुए थे।

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजेन्द्र और लाडो का बेटा अनिल (32) अपनी दो साल की बेटी को तीसरी मंजिल पर सीढ़ी से उतारने की कोशिश कर रहा था, तभी वह नीचे गिर गई। इसके तुरंत बाद उसने खुद भी छलांग लगा दी।इस घटना में वह दोनों घायल हो गए, जिनका इलाज किया जा रहा है। आग से बचने के लिए पास की एक इमारत में कूदा सचिन (29) भी घायल हो गया और उसका सफदरजंग अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। सचिन लगभग 25 प्रतिशत झुलस चुका है।

इन्होंने गंवाई जान
राजेंद्र की पत्नी लाडो (70), बेटे प्रवेश (33) और कमल (39), कमल की पत्नी आशु (35) और उनकी तीन बेटियां जिनकी उम्र 3, 6  और 15 साल थी। लाडो की बेटी हिमांशी (22) और बहू दीपिका (28) की भी मौत हो गई।

पालम अग्निकांड पर सीएम सख्त, होगी जांच; मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 10-10 लाख
पालम में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग की घटना से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भीतर से आहत और बाहर से सख्त नजर आईं। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे पर शोक जताते हुए इस घटना के कारण का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं और पीड़ितों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की है।

उन्होंने इस हादसे में मासूमों की मौत को बेहद दर्दनाक बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार इस मुश्किल समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए वित्तीय सहायता का एलान किया है।

इसके तहत वयस्क मृतकों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये, नाबालिगों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये की तत्काल सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आग लगने के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना भी की।

ILMA NEWSINDIA
Author: ILMA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई