Fatehabad: मर्डर-दुष्कर्म का वांछित मुठभेड़ के बाद काबू, एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी दो गोलियां

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Fatehabad Murder accused nabbed after encounter

सीआईए रतिया पुलिस टीम ने मर्डर व दुष्कर्म के मामले में वांछित एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में काबू कर लिया।

डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम  कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र जीत सिंह निवासी आजाद नगर, फतेहाबाद हाल किरायेदार गली नंबर 8, नजदीक वाल्मीकि चौक फतेहाबाद जनवरी में सड़क पर मिली एक महिला के मर्डर व दुष्कर्म के गंभीर मामले में वांछित चल रहा था। आरोपी पहले भी सिरसा पुलिस की कस्टडी से फरार हो चुका था तथा लंबे समय से पंजाब क्षेत्र में छिपकर रह रहा था।
उन्होंने बताया कि सीआईए रतिया टीम प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि आरोपी अपनी पत्नी को साथ लेकर पंजाब जाने के उद्देश्य से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाते हुए निगरानी शुरू कर दी।

इसी दौरान नगल के समीप भाखड़ा नहर रोड पर पुलिस टीम को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम द्वारा उसे रुकने का इशारा किया गया, लेकिन आरोपी ने पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया। इसी दौरान सड़क पर कंक्रीट होने के कारण मोटरसाइकिल फिसल गई और आरोपी नीचे गिर गया।

गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर लगातार चार राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान टीम में शामिल एएसआई रघुबीर सिंह को निशाना बनाकर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर सीधे आकर लगीं, जबकि दो गोलियां पास से निकल गईं। बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण एएसआई रघुबीर सिंह सुरक्षित बच गए।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चलाई गई गोली आरोपी महेन्द्र सिंह उर्फ निक्का के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी को मौके पर ही काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा रेफर कर दिया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था और अपनी पत्नी को साथ लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है।

फतेहाबाद पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच जारी है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में अपराध पर नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA