अमनदीप 14 अगस्त को फतूढींगा स्थित एक बैंक से दो बार में 30 हजार और 20 हजार रुपये निकालकर घर से अचानक लापता हो गया था। काफी समय तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

कपूरथला के थाना फतूढींगा के गांव देसल से करीब 14 दिन पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए 20 वर्षीय युवक अमनदीप सिंह की तलाश का मामला आखिरकार दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गया। पुलिस ने इस मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार अमनदीप 14 अगस्त को फतूढींगा स्थित एक बैंक से दो बार में 30 हजार और 20 हजार रुपये निकालकर घर से अचानक लापता हो गया था। काफी समय तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने थाना फतूढींगा में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमनदीप को आखिरी बार गांव के ही दो युवकों के साथ देखा गया था। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो मामले की कड़ियां जुड़ती चली गईं और कथित तौर पर दोनों ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया।
इकलाैती संतान था अमनदीप
सिविल अस्पताल में मौजूद अमनदीप के रिश्तेदार और दोस्त भगवंत सिंह ने बताया कि अमनदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता ड्राइवर हैं, जबकि अमनदीप खुद मेहनत-मजदूरी करता था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं, लेकिन नशे की लत ने एक परिवार के इकलौते बेटे की जान ले ली।
गांववासियों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि नशे का बढ़ता प्रकोप युवाओं और उनके परिवारों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनता जा रहा है। उनका कहना है कि अमनदीप की मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
मामले की जांच कर रहे थाना फतूढींगा के एसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि 14 अगस्त को अमनदीप के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई थी और पुलिस उसी दिन से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान दो युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी निशानदेही पर खेत से अमनदीप का शव बरामद हुआ।