Dausa News: बहनों की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी, छह दोस्तों की दर्दनाक मौत से गांव में पसरा मातम

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने दौसा के कालाखो गांव की खुशियां छीन लीं। देर रात कार और ट्रक की टक्कर में छह युवा दोस्तों की मौत हो गई, जिसके बाद पूरे गांव में मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।

शादी की खुशियों में मातम में बदली, बहन की डोली के दिन भाई की उठी अर्थी, गम  में डूबा परिवार - wedding s happiness turned into mourning brother s  funeral-mobile

दौसा जिला मुख्यालय से सटे कालाखो गांव में बुधवार को मातम पसरा रहा। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैलाई गांव के निकट मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में गांव के छह युवा दोस्तों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में सन्नाटा छा गया। एक साथ छह अर्थियां उठने का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। गांव में चूल्हे तक नहीं जले और बाजार बंद रहे।

मृतकों में नवीन कुमार योगी, अंकित बैरवा, लोकेश योगी, दिलखुश योगी, मनीष योगी और समय सिंह योगी शामिल हैं। नवीन कुमार योगी अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी चार बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी 19 फरवरी को तय थी। अंकित बैरवा भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था, एक बहन की शादी हो चुकी है और वह एक बच्चे का पिता था। लोकेश योगी सात भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था तथा हाल ही में उसकी शादी हुई थी। दिलखुश योगी चार भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था और एक बेटी का पिता था। मनीष योगी दो भाइयों और दो बहनों में से एक था तथा विवाहित था। समय सिंह योगी की अप्रैल में शादी होने वाली थी।

ये भी पढ़ें: Alwar News: इलेक्ट्रिक रॉड से पानी गर्म करते समय करंट की चपेट में आई छात्रा, गंभीर रूप से झुलसा हाथ

बता दें कि नवीन की दो बहनों का बुधवार को लगन जाना था लेकिन शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। बहनों की शादी से पहले भाई की अर्थी उठी। हादसे में पांच युवक एक ही परिवार के चाचा-भतीजे थे और उनकी अर्थियां एक ही स्थान से उठीं। इकलौते भाई की मौत की खबर सुनकर बहनें बेसुध हो गईं और बार-बार यही कहती रहीं- मेरे भाई का चेहरा आखिरी बार दिखा दो…

दरअसल छह दोस्त नजदीकी गांव कांदोली में एक मित्र की शादी में शामिल होकर आभानेरी से लौट रहे थे। देर रात तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर से आ रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी युवक कार में बुरी तरह फंस गए। पास के होटल कर्मचारियों, ग्रामीणों और पुलिस की मदद से क्रेन बुलाकर कार को हटाया गया और शवों को बाहर निकाला गया।

हादसे से पहले दोस्तों ने साथ बैठकर खाना खाते हुए एक तस्वीर भी खिंचवाई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि वह तस्वीर उनकी आखिरी याद बन जाएगी।

Farheen
Author: Farheen