Balotra News: टांके ने निगल ली तीन जिंदगियां, मां ने बेटे को बचाने के लिए लगाई छलांग, दो मासूमों संग डूबकर मौत

Picture of Farheen

Farheen

SHARE:

बकरियों को पानी पिलाने गई महिला के साथ कुछ ही पलों में ऐसी अनहोनी हुई कि मां और उसके दो छोटे बच्चों की जान चली गई। घटना से पूरा गांव शोक में डूबा है।

Gida Woman & Children Drown in Tank Tragedy | Heartbreaking Loss

जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया। ग्राम पंचायत हीरा की ढाणी की सरहद में स्थित पांचा की ढाणी में पानी के टांके में डूबने से 27 वर्षीय महिला और उसके दो मासूम बेटों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार पांचा की ढाणी निवासी देवी पत्नी प्रेम कुमार जाट बुधवार शाम करीब 5 बजे घर से कुछ दूरी पर बने टांके पर बकरियों को पानी पिलाने गई थी। उसके साथ उसके दो बेटे अर्जुन (6 वर्ष) और धर्मेंद्र (3 वर्ष) भी थे।

घर में उस समय निर्माण कार्य चल रहा था। देवी ने पहले मजदूरों के लिए चाय बनाकर अपने ससुर टीकमाराम को दी और फिर पशुओं को पानी पिलाने निकल गई। मां के पीछे-पीछे दोनों बच्चे भी खेलते हुए टांके तक पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देवी टांके से बाल्टी के जरिए पानी भरकर बाहर खड़ी बकरियों को पिला रही थी, जबकि बच्चे पास में खेल रहे थे। इसी दौरान बड़ा बेटा अर्जुन संतुलन खो बैठा और फिसलकर टांके में गिर गया।

ये भी पढ़ें: Dausa News: बहनों की डोली से पहले उठी भाई की अर्थी, छह दोस्तों की दर्दनाक मौत से गांव में पसरा मातम

बेटे को गिरते देख देवी ने उसे बचाने के लिए तुरंत टांके में छलांग लगा दी लेकिन टांका गहरा होने के कारण वह खुद भी बाहर नहीं निकल सकी। मां और भाई को पानी में गिरता देख छोटा बेटा धर्मेंद्र भी घबराकर आगे बढ़ा और संतुलन बिगड़ने से वह भी टांके में जा गिरा और कुछ ही मिनटों में तीनों पानी में डूब गए।

देवी की चीख सुनकर उसकी सास सारों देवी मौके पर पहुंचीं और परिवार व मजदूरों को सूचना दी। ग्रामीणों की मदद से तीनों को टांके से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। घटना के समय देवी का पति प्रेम कुमार मजदूरी के सिलसिले में बाहर था। सूचना मिलते ही वह पाली से गांव पहुंचा। बताया जा रहा है कि परिवार के अन्य भाई पाली में कार्यरत हैं, जबकि प्रेम कुमार माता-पिता के साथ गांव में रहता था। तीनों को मृत अवस्था में देखकर बुजुर्ग ससुर टीकमाराम सदमे में बेहोश हो गए। सास सारों देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही गिड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई करनाराम ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शवों को मोर्चरी में रखवाया है। पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद पांचा की ढाणी में गहरा शोक व्याप्त है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

 

Farheen
Author: Farheen