24 से 28 फरवरी तक आयोजित होने वाले रामदेवरा पशु मेले को लेकर जैसलमेर जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए गए और सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिले की ग्राम पंचायत रामदेवरा, पोकरण में 24 से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाले पारंपरिक एवं ऐतिहासिक रामदेवरा पशु मेले की तैयारियां जिला प्रशासन ने तेज कर दी हैं। जिला कलेक्टर प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मेले की व्यवस्थाओं, विभागीय समन्वय और सुरक्षा इंतजामों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। मेले के मार्गों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. उमेश वरंगटीवार ने बताया कि जैसलमेर पशुधन बाहुल्य जिला है, जहां बड़ी संख्या में गौवंश, भेड़, बकरी और ऊंट हैं। राज्य सरकार द्वारा आयोजित यह मेला पशुपालकों को पशुओं की खरीद-फरोख्त का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है। विशेष रूप से थारपारकर नस्ल की गाय की देशभर में मांग रहती है।
मेले के दौरान उन्नत नस्ल के पशुओं की प्रतियोगिताएं और अन्य आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। श्रेष्ठ पशुपालकों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। आयोजन की सफलता के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है और व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पशुपालन, कृषि, विद्युत, चिकित्सा, नगर पालिका, पर्यटन और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।