पंजाब के मोगा में फायरिंग हुई है। बाइक सवार बदमाशों ने मजूदरों को निशाना बनाया और उनपर कई राउंड फायर कर दिए। जान बचाने के लिए मजदूर इधर-उधर भागे। दो को गोली लगी है।

मोगा के जीरा रोड पर एक सेलर पर काम करने वाले मजदूरों पर हमला हुआ है। काम खत्म कर रोटी खाने जा रहे प्रवासी मजदूरों पर बाइक सवार तीन अज्ञात हमलावारों ने गोलियां चला दी और मौके से फरार हो गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका सहम गया है। गोली लगने से दो मजदूर गंभीर घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए हैं। घटनास्थल पर सबूत जुटाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जीरा रोड स्थित एक सेलर पर 7 से 8 प्रवासी मजदूर काम खत्म करके अपने किराये के कमरे में जा रहे थे। जैसे ही मजदूर निकले तभी बाइक पर आए तीन हमलावारों ने उनपर ताबड़तोबड़ कई राउंड फायर कर दिए। गोलियां चलते ही मजदूर बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। दो मजदूरों को गोली लगी है। दोनों को मोगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों में अशोक कुमार और सुबोध माझी है, जो अपने 5/6 साथियों के साथ जा रहे थे। सेलर से कुछ ही दूरी पर उनपर हमला हो गया। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर पल्लेदारी का काम करते थे।
वहीं प्रवासी मजदूरों पर गोलियां चलाने को जिम्मेदारी लाडी भलवान और निरवेर सिंह ने ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर गोलियां चलाते हुए का वीडियो भी शेयर किया है। पोस्ट में लिखा कि कि यूपी और बिहार से यहां पंजाब में आकर पंजाब को अपने बाप की जागीर समझ रहे हैं। पंजाब का माहौल खराब कर रहे हैं। पिछले दिनों सबने देखा कि इन्होंने पंजाब में आकर क्या किया। पंजाब के बच्चों के साथ जो किया, इसके लिए उनपर कोई सख्ती नहीं हुई।