पंजाब के तरनतारन में कॉलेज के अंदर युवती की हत्या हुई है। आरोपी युवक ने युवती को गोली मारी और फिर खुद को फिर शूट कर लिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पंजाब के तरनतारन में बेहद खौफनाक घटना हुई है। तरनतारन के लॉ कॉलेज में सोमवार को एक सरफिरे ने क्लासरूम में छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद भी उसी बंदूक से शूट कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान संदीप कौर (20) के तौर पर हुई है। जबकि आरोपी युवक प्रिंस राजसिंह था, जो नौशहरा पनुआ का रहने वाला था। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। क्लारूम में मौजूद छात्राओं कमरे से बाहर की तरफ दौड़ी। बताया जा रहा है कि आरोपी प्रिंस भी इसी कॉलेज का छात्र था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज को सील कर दिया है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की गई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही युवती के परिवार के सदस्य भी कॉलेज पहुंच गए हैं।
कॉलेज में पिस्टल लेकर पहुंचा था युवक
लॉ कॉलेज में हुई इस बड़ी घटना के पीछे बड़े सवाल उठ रहे हैं। आखिर कैसे युवक पिस्टल लेकर कॉलेज पहुंच गया। क्या कॉलेज में सुरक्षा कर्मी नहीं थे। आरोपी युवक पिस्टल लेकर क्लासरूम तक पहुंच गया था। पहले उसने युवती के सिर पर गोली मारी। फिर दोबारा पिस्टल लोड की और अपनी कनपटी पर बंदूक सटाकर गोली चला दी। गोली लगने से वहीं गिर गया। क्लासरूम में खून बिखर गया।