बालोतरा के रोड़वा गांव में किसान के खेत स्थित खलिहान में अचानक आग लगने से ज्वार व चने की पूरी फसल जलकर राख हो गई। वहीं कल्याणपुर में गणेश धर्मकांटा एजेंसी में भी आगजनी हुई। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्थायी दमकल वाहन की मांग की है।

जिले में आगजनी की घटनाएं लगातार गंभीर रूप लेती जा रही हैं। रविवार को मंडली थाना क्षेत्र के रोड़वा गांव में एक किसान के खेत में बने फसल खलिहान में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हो गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसान की ज्वार व चने की पूरी फसल जलकर राख हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों ने निजी टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि जब तक आग पर नियंत्रण पाया गया, तब तक खलिहान में रखा सब कुछ जल चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दमकल वाहन उपलब्ध होता, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
आग की सूचना मिलते ही मंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं पटवारी सोहनलाल ने मौके पर पहुंचकर आग से हुए नुकसान का आकलन किया और इसकी रिपोर्ट तैयार की। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इसी बीच बालोतरा जिले के कल्याणपुर कस्बे में स्थित गणेश धर्मकांटा एजेंसी में भी आगजनी की सूचना सामने आई है। बताया गया है कि इस एजेंसी में 15 से अधिक मजदूर कार्यरत रहते हैं। गनीमत यह रही कि समय रहते सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि यह घटना क्षेत्र में बढ़ती आगजनी की समस्या की ओर गंभीर इशारा करती है।
प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय निवासी वनफूल सिंह अराबा ने बताया कि कल्याणपुर क्षेत्र में आए दिन आगजनी की घटनाएं हो रही हैं। कभी किसानों के खेतों में रखी फसलें जल रही हैं, तो कभी गरीबों की झोपड़ियां आग की चपेट में आ रही हैं। कई बार सूखा चारा और आबादी से सटे अरण्य क्षेत्र भी आग की चपेट में आ चुके हैं लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में स्थायी अग्निशमन वाहन की व्यवस्था नहीं की गई है।
स्थानीय लोगों और ग्रामीण प्रतिनिधियों ने सवाल उठाया है कि जब कल्याणपुर क्षेत्र के अंतर्गत 100 से अधिक गांव आते हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? बार-बार अग्निशमन वाहन की मांग किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस व्यवस्था क्यों नहीं की गई? ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि कल्याणपुर में स्थायी दमकल वाहन की तैनाती की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।