Haryana: गो तस्करों और पुलिस के बीच चली गोलियां, कई किमी. तक पीछा किया; अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार

Picture of PRIYA NEWSINDIA

PRIYA NEWSINDIA

SHARE:

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में गो तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। दोनों तरफ से दनादन गोलियां चली, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
Encounter took place between cow smugglers and the police in Kurukshetra

गो तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के दौरान गो तस्करों और सीआईए टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग की, जबकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में कैंटर के टायर पंचर करने के इरादे से गोलियां चलाई। तेज रफ्तार कैंटर चालक ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारने की कोशिश की और अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शाहाबाद अनाज मंडी से कुछ लोग एक कैंटर में बेसहारा गाय-बैल भरकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सीआईए-एक की टीम तुरंत हरकत में आ गई और बाबैन-सुनारिया रोड पर गश्त कर रही टीम को सूचित किया। टीम ने सुनारिया गांव से थोड़ा आगे जाकर सामने से आते कैंटर को देखा। पुलिस ने डिपर मारकर रुकने का इशारा किया, लेकिन कैंटर चालक ने रुकने की बजाय तेज रफ्तार से पुलिस वाहन को टक्कर मारने की कोशिश की। पुलिस वाहन के चालक ने मुश्किल से गाड़ी बचाई।

इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया। कैंटर का पिछला ढाला खुला होने से अंदर भरे गोवंश दिख रहे थे, लेकिन नंबर प्लेट नहीं दिख रही थी। पुलिस ने सायरन बजाया, डिपर मारे और आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन चालक ने साइड नहीं दी। जब पुलिस पीछा नहीं छोड़ी तो कैंटर के पीछे खड़े दो तस्करों में से एक ने पिस्तौल निकालकर पुलिस वाहन पर दो से तीन राउंड फायरिंग कर दिए। गोलियां गाड़ी के पास से गुजर गईं। इस पर एसआई शरणजीत सिंह ने कैंटर के टायर की दिशा में दो फायर किए, ताकि वाहन रोका जा सके। इसके बाद तस्करों ने कैंटर को संधौर से महुआखेड़ी गांव की ओर भगा लिया। अंधेरे और तेज रफ्तार का फायदा उठाकर तीनों तस्कर फरार हो गए।

पुलिस ने बाबैन पुलिस स्टेशन में अज्ञात तस्करों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गो हत्या निषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है और फरार तस्करों की तलाश की जा रही है। 

PRIYA NEWSINDIA
Author: PRIYA NEWSINDIA

सबसे ज्यादा पड़ गई