शांति भंग कर सोशल मीडिया के जरिए दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले तत्वों पर कालंद्री पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। मामावली में घर में घुसकर हथियार लहराने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए हैं।

मामावली गांव में घर में घुसकर तलवार और लाठियां लहराने तथा उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में कालंद्री पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तलवार और तीन लाठियां बरामद की हैं। घटना के महज 12 घंटे के भीतर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में राहत का माहौल है।
घटना के समय अमृतलाल और उनका परिवार सूरत में कपड़ों के व्यवसाय के सिलसिले में गए हुए थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। आरोपियों ने घर के अंदर हथियार लहराते हुए वीडियो बनाया और उस पर गाना लगाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
रिपोर्ट में आशंका जताई गई कि आरोपी भविष्य में भी शिकायतकर्ता या उसके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना कर सकते हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिए। मामले की जांच जारी है।