Punjab: बठिंडा में युवक को पीट-पीटकर मार डाला; छोटी सी बात पर बाप-बेटा बने हैवान; क्या थी गोरा सिंह की गलती?

Picture of NIMRA SALEEM

NIMRA SALEEM

SHARE:

पंजाब के बठिंडा में बाप-बेटे ने मिलकर युवक को इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। आरोपियों ने छोटी सी बात को लेकर युवक की लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बठिंडा के गांव लहिरा मुहब्बत में युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय गोरा सिंह निवासी गांव लहिरा सौंधा के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। युवक की हत्या बाप और बेटे ने मिलकर की है।

थाना नथाना पुलिस ने मृतक के पिता सुखदेव सिंह के बयान के आधार पर कुलदीप सिंह और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका बेटा फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस को सुखदेव सिंह ने बताया कि 4 फरवरी को वह अपने बेटे गोरा सिंह के साथ पैदल कहीं जा रहे थे। रास्ते में गोरा सिंह शौच के लिए सड़क से नीचे खेत की ओर उतर गया। इसी दौरान खेत के मालिक कुलदीप सिंह और उसका बेटा मौके पर पहुंच गए और गोरा सिंह पर खेत से गन्ना उखाड़ने का आरोप लगाने लगे।

सुखदेव सिंह ने बताया कि उन्होंने और उनके बेटे ने बार-बार सफाई दी कि उन्होंने कोई गन्ना नहीं उखाड़ा है और गोरा सिंह केवल शौच के लिए खेत के पास गया था, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके बाद पिता-पुत्र ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते गोरा सिंह की बेरहमी से पिटाई करनी शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार दोनों आरोपियों ने गोरा सिंह को लाठी-डंडों और हाथों से बुरी तरह पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने सुखदेव सिंह को भी धमकियां दीं। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी, जो वाहन की व्यवस्था कर घायल गोरा सिंह को सिविल अस्पताल बठिंडा लेकर पहुंचे। वहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स बठिंडा रेफर कर दिया। इलाज के दौरान बुधवार देर शाम गोरा सिंह ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक परिवार में इकलौता कमाने वाला था

थाना नथाना के एसएचओ अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है। हत्या के आरोप में कुलदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके बेटे की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

NIMRA SALEEM
Author: NIMRA SALEEM

सबसे ज्यादा पड़ गई