मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद बरेली पुलिस ने जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए दोबारा व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। थाना स्तर पर टीमों को सक्रिय किया गया है और स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) के सहयोग से विदेशी नागरिकों की सूची अपडेट की जा रही है।
जिले में 60 विदेशी नागरिकों की मौजूदगी, रोहिंग्या नहीं मिले
ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, जिले में
-
35 पाकिस्तानी नागरिक
-
25 बांग्लादेशी नागरिक
रह रहे हैं। पुलिस के मुताबिक अब तक जिले में एक भी रोहिंग्या नागरिक की उपस्थिति की पुष्टि नहीं हुई है।
पाकिस्तानी नागरिकों में 27 महिलाएं और पांच पुरुष दीर्घकालिक वीज़ा (Long Term Visa) पर यहां रह रहे हैं। तीन पाकिस्तानी महिलाओं से जुड़े स्थायी निवास के प्रकरण केंद्र सरकार में लंबित हैं।
बांग्लादेशी नागरिकों की बात करें तो 25 में से चार जेल में हैं, जबकि चार अन्य ज़मानत पर हैं। शेष 17 में 15 हिंदू और 2 मुस्लिम महिलाएं शामिल हैं, जो विवाह के बाद बरेली में रह रही हैं। पुलिस और LIU इन सभी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है।
कश्मीर मूल के 223 लोग भी जिले में रह रहे
बरेली में इस समय कश्मीर के कुल 223 नागरिक रह रहे हैं। इनमें
-
41 मदरसा छात्र
-
143 अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पढ़ाई कर रहे छात्र
-
5 कश्मीरी शिक्षक
-
27 सिक्योरिटी गार्ड
-
7 फेरीवाले शामिल हैं।
सभी का सत्यापन पूरा कर लिया गया है और उनकी गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है।
पुलिस निगरानी सख्त, ऑपरेशन जारी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि विदेशी नागरिकों पर निगरानी की प्रक्रिया पहले से ही जारी है। अब थाना स्तर पर दोबारा सर्च ऑपरेशन चलाकर ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित किया जा रहा है, जो बिना वैध दस्तावेज या अवैध तरीके से जिले में रह रहे हों।
उन्होंने बताया कि विभाग किसी भी संदिग्ध गतिविधि को लेकर सतर्क है और जरूरत पड़ने पर जल्द ही आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।